कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी को सत्ता में आने से रोकने के लिए कांग्रेस को आम आदमी पार्टी से गठबंधन कर लेना चाहिए।
अय्यर ने कहा है कि मोदी को रोकने के लिए आप की हर मदद का स्वागत किया जाएगा। भाजपा ने अय्यर के इस विचार की आलोचना करते हुए कहा है कि कांग्रेस को महसूस हो गया है कि वह मोदी का मुकाबला नहीं कर सकती।
जब अय्यर से मोदी के संबंध में कांग्रेस के प्लान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,मैं प्रार्थना करता हूं आम आदमी पार्टी नरेन्द्र मोदी और भाजपा को रोके। मैं इस हिटलर को सत्ता में आने से रोकने के लिए आप की हर मदद का निश्चित रूप से स्वागत करूंगा। अय्यर के इस बयान पर भाजपा ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने यह कबूल कर लिया है वह अपने दम पर लोकसभा चुनाव में जीत नहीं सकती।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि अय्यर के बयान से कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। अब उन्हें महसूस हो गया है कि वे जीत नहीं सकते और मोदी व भाजपा से लड़ नहीं सकते,इसलिए वे यह बहाना बना रहे हैं कि उन्हें आप सहित हर दल की मदद चाहिए। गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई है।
भाजपा का आरोप है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस की बी टीम है। आप ने भी लोकसभा चुनाव लड़ने की मंशा साफ कर दी है। उसने कहा है कि वह जनता को भाजपा और कांग्रेस के अलावा नया विकल्प देगी।